दिनांक 2 अक्टूबर 2026 को केशव माधव सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ककोड़ में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री पंडित लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती के उपलक्ष में एक भव्य और गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों और शिक्षकों ने दोनों महान विभूतियों को याद करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मनोज कुमार मिश्र जी, एनएसएस प्रोग्राम ऑफिसर श्रीकृष्ण शर्मा जी एवं मुख्य वक्ता आचार्या बहन श्रीमती मनु सोलंकी जी द्वारा मां सरस्वती, महात्मा गांधी और पंडित लाल बहादुर शास्त्री जी के चित्रों के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ।आज के इस राष्ट्रीय पर्व पर विद्यालय में ध्वजारोहण किया गया।आज के इस कार्यक्रम में विद्यालय के भैया बहनों ने दोनों महापुरुषों के जीवन पर प्रकाश डाला।समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य श्री मनोज कुमार मिश्र जी ने दोनों महापुरुषों के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा, “महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांत आज भी पूरे विश्व के लिए प्रासंगिक हैं। वहीं, पंडित लाल बहादुर शास्त्री जी का सादगीपूर्ण जीवन और ‘जय जवान, जय किसान’ का नारा हमें देश सेवा और ईमानदारी की प्रेरणा देता है। विद्यालय के अध्यक्ष श्री अशोक गुप्ता जी, प्रबंधक श्री जगदीश प्रसाद ढौंडियाल जी एवं कोषाध्यक्ष श्री दिनेश सिंघल जी ने कहा कि हमारे विद्यार्थियों को इन महान नेताओं के पदचिह्नों पर चलकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।”
इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों ने गांधी जी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी, भाषण प्रतियोगिता में भाग लिया।कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सभी को स्वच्छता की शपथ दिलाई और उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त किया।शांति पाठ और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।आज के इस कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त आचार्य बंधु, आचार्या बहनें और भैया बहन उपस्थित रहे।