


आज दिनांक 31 अक्टूबर 2026 को केशव माधव सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, ककोड़, बुलंदशहर में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया।कार्यक्रम का शुभारंभ सरदार पटेल जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया।कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मनोज कुमार मिश्र जी ने की। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आचार्य श्री रोहित त्यागी जी रहे।कार्यक्रम का संचालन आचार्या बहन श्रीमती सोनिया गोस्वामी जी ने किया।अपने उद्बोधन में मुख्य वक्ता आचार्य श्री रोहित त्यागी जी ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल जी ने 562 रियासतों को एकीकृत कर अखंड भारत का निर्माण किया। उनके अटूट साहस, दृढ़ निश्चय एवं राष्ट्रभक्ति के कारण ही उन्हें लौह पुरुष और भारत के बिस्मार्क की उपाधि दी गई। हमें उनके जीवन से एकता, अखंडता और देशभक्ति की प्रेरणा लेनी चाहिए। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्रधानाचार्य श्री मनोज कुमार मिश्र जी ने कहा कि राष्ट्रीय एकता दिवस हमें यह संकल्प दिलाता है कि हम जाति, धर्म, भाषा से ऊपर उठकर राष्ट्र की एकता के लिए कार्य करेंगे। इस अवसर पर सभी भैया-बहनों एवं आचार्य परिवार ने राष्ट्रीय एकता की शपथ भी ली।इस गरिमामय अवसर पर विद्यालय के अध्यक्ष श्री अशोक गुप्ता जी, प्रबंधक श्री जगदीश प्रसाद ढोंडियाल जी, कोषाध्यक्ष श्री दिनेश सिंघल जी एवं सह व्यवस्थापक श्री कालीचरन जी ने अपने संदेश में कहा कि सरदार पटेल जी का संपूर्ण जीवन त्याग, बलिदान और राष्ट्र सेवा का प्रतीक है। युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना चाहिए।
कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त आचार्य बंधु-भगिनी एवं भैया-बहन उपस्थित रहे।
