






दिनांक 06 नवंबर 2026 को केशव माधव सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ककोड़ में दीपों के पर्व दीपावली का कार्यक्रम बड़े ही हर्षोल्लास एवं धूमधाम के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रबंधक श्री जगदीश प्रसाद ढोंडियाल जी ने की। मुख्य वक्ता आचार्या बहन श्रीमती सरिता सिंह जी रहीं।कार्यक्रम का संचालन आचार्या बहन श्रीमती सोनिया गोस्वामी जी ने किया। विद्यालय के अध्यक्ष श्री अशोक गुप्ता जी ने सभी क्षेत्रवासियों को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दी तथा अपनी संस्कृति को बनाए रखने के लिए त्यौहारों को उचित ढंग से मनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। कार्यक्रम में विद्यालय के भैया बहनों ने दीपावली पर्व को मनाए जाने के कारण पर प्रकाश डालते हुए श्रीराम भगवान की स्तुति में भजन एवं मनमोहक नृत्य की प्रस्तुति की। मुख्य वक्ता आचार्या बहन श्रीमती सरिता सिंह जी ने धनतेरस, नरक चतुर्दशी, दीपावली एवं गोवर्धन आदि पर्व को मनाए जाने संबंधी पौराणिक कथाओं का वर्णन किया तथा सुंदर भजनों की प्रस्तुति की। प्रधानाचार्य जी ने सभी को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दी तथा स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग की सलाह दी। आज के इस अवसर पर विद्यालय में शून्य निवेश, ग्रीटिंग कार्ड प्रतियोगिता एवं थाल सज्जा,कलश सज्जा,कक्षा सज्जा प्रतियोगिता आदि प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रबंधक श्री जगदीश प्रसाद ढौड़ियाल जी, कोषाध्यक्ष श्री दिनेश सिंघल जी एवं सह व्यवस्थापक श्री कालीचरण जी ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को आशीर्वाद देकर उत्साहवर्धन किया।साथ ही संविधान संवाद कार्यक्रम के अंतर्गत नोडल शिक्षक श्री रमेश चंद्र शर्मा जी एवं मुख्य वक्ता श्री खिलेंद्र शर्मा जी ने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को बताया कि जिस प्रकार संविधान के भाग-3 में हमें मौलिक अधिकार (अनुच्छेद 12 से 35) दिए गए हैं, उसी प्रकार भाग-4 (क) अनुच्छेद 51A में हमें 11 मौलिक कर्तव्य दिए गए हैं। इन्हें 42वें संविधान संशोधन 1976 द्वारा सरदार स्वर्ण सिंह समिति की सिफारिश पर जोड़ा गया था। बाद में 86वें संशोधन 2002 द्वारा 11वां कर्तव्य जोड़ा गया। आज के इस कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त आचार्य बंधु, आचार्या बहने एवं विद्यालय के समस्त भैया उपस्थित रहे।
