दिनांक 29 जुलाई 2025 को केशव माधव सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ककोड़ में विद्यालय के सभी विद्यार्थियों को एथलीट कबीर गुप्ता जी द्वारा बनाई गई डॉक्यूमेंट्री दिखाई गई। आज के इस कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया। आज के इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सबसे कम उम्र में एवरेस्ट पर चढ़ने वाले भारतीय पर्वतारोही श्री अर्जुन वाजपेई जी रहे जिन्होंने सन् 2010 में  16 वर्ष 11 महीने 18 दिन की उम्र में सफलता हासिल की।आज के इस कार्यक्रम के अतिथियों का परिचय विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मनोज कुमार मिश्र जी द्वारा कराया गया। प्रधानाचार्य जी ने बताया कि यह डॉक्यूमेंट्री खिलाड़ी सचिन सरोज के संघर्ष और सफलता की कहानी पर आधारित है जिन्होंने जीवन की विषम परिस्थितियों में रहते हुए अनेक चुनौतियों का सामना करते हुए गोल्ड मेडल प्राप्त किया। यह डॉक्यूमेंट्री न केवल उनकी खेल यात्रा का दस्तावेज है बल्कि यह साहस और आत्मविश्वास का प्रतीक भी है। साथ ही उन्होंने बताया कि कबीर गुप्ता एक ऊंचाइयों को छूता हुआ सितारा है जिसका लक्ष्य 2028 के ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व करना है। कबीर सिर्फ खिलाड़ी ही नहीं बल्कि एक संवेदनशील और प्रेरणास्पद  व्यक्तित्व भी है उन्होंने चार उभरते पर्वतारोहियों को सहायता प्रदान कर उनके सपनों को नई उड़ान दी है। मुख्य अतिथि उद्बोधन श्री अर्जुन वाजपेई जी एवं कबीर गुप्ता ने दिया तथा अध्यक्षीय आशीष विद्यालय के अध्यक्ष श्री अशोक गुप्ता जी ने दिया। आज के इस कार्यक्रम में श्रीमती ममता गुप्ता जी (विद्यालय के अध्यक्ष श्री अशोक गुप्ता जी की बेटी, कबीर गुप्ता की माता जी एवं एक सफल व्यावसायी) विद्यालय के कोषाध्यक्ष श्री दिनेश सिंघल जी, सह व्यवस्थापक श्री कालीचरण जी, समस्त आचार्य बंधु एवं आचार्या बहनें उपस्थित रहे।