दिनांक 14 दिसंबर 2024 को ऊर्जा संरक्षण दिवस के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अध्यक्ष विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मनोज कुमार मिश्र जी एवं मुख्य वक्ता आचार्य श्री दुष्यंत शर्मा जी रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ हुआ। आज के इस कार्यक्रम में विद्यालय के भैया बहनों ने राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस को मनाए जाने के कारणों पर प्रकाश डालते हुए ऊर्जा संरक्षण की बात रखी। मुख्य वक्ता आचार्य श्री दुष्यंत शर्मा जी ने बताया कि ऊर्जा संरक्षण के महत्व, उद्देश्य और जरूरत को बताने के लिए सरकार ने ये स्पेशल डे घोषित किया है।इस दिन पूरा देश राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस मनाता है। जगह-जगह कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। कई स्कूल, कॉलेजों व अन्य सरकारी, गैर सरकारी संस्थाओं द्वारा राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण दिवस पर निबंध और भाषण प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाती हैं। विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मनोज कुमार मिश्र जी ने बताया कि भारत में नेशनल एनर्जी कंजर्वेशन डे हर साल 14 दिसंबर को मनाया जाता है। इसे ऊर्जा दक्षता ब्यूरो द्वारा आयोजित किया जाता है। इसका उद्देश्य लोगों को ऊर्जा संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक करना है। उन्हें ये समझाना है कि ऊर्जा का संयमित उपयोग करना और दुरुपयोग रोकना क्यों जरूरी है।
भारत सरकार ने इस दिशा में कई कदम उठाए हैं। जैसे- सही उपकरणों को बढ़ावा देना, ऊर्जा बचाने के लिए जागरूकता अभियान, नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतोंको बढ़ावा देना। विद्यालय के अध्यक्ष श्री अशोक गुप्ता जी, प्रबंधक श्री जगदीश प्रसाद ढोंडियाल जी, कोषाध्यक्ष श्री दिनेश सिंघल जी ने कहा ऊर्जा संरक्षण उन कार्यों से संबंधित है जो लोग अपनी आवश्यक ऊर्जा की मात्रा को कम करने के लिए कर सकते हैं, विशेष रूप से अपने घरों और अन्य भवनों में। ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन के प्रभाव अधिक स्पष्ट होते जा रहे हैं, इसलिए ऊर्जा संरक्षण बहुत ज़रूरी हो गया है। आज के इस कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त आचार्य बंधु, आचार्या बहने एवं समस्त भैया बहन उपस्थित रहे।