दिनांक 26 नवंबर 2025 को केशव माधव सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ककोड में वंदना स्थल पर संविधान दिवस के कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अध्यक्ष विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मनोज कुमार मिश्र जी एवं मुख्य वक्ता आचार्या बहन चंचल शर्मा जी रही। कार्यक्रम का संचालन एनएसएस प्रोगाम ऑफीसर श्रीकृष्ण शर्मा जी ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पार्चन के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के भैया बहनों ने संविधान दिवस के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दीं। साथ ही कार्यक्रम के मुख्य वक्ता आचार्या बहन चंचल शर्मा जी ने बताया कि भारत गणराज्य का संविधान 26 नवम्बर 1949 को बनकर तैयार हुआ था। संविधान सभा के प्रारूप समिति के अध्यक्ष डॉ॰ भीमराव आंबेडकर के 125वें जयंती वर्ष के रूप में 26 नवम्बर 2015 को पहली बार भारत सरकार द्वारा संविधान दिवस सम्पूर्ण भारत में मनाया गया तथा 26 नवम्बर 2015 से प्रत्येक वर्ष सम्पूर्ण भारत में संविधान दिवस मनाया जा रहा है। इससे पहले इसे राष्ट्रीय कानून दिवस के रूप में मनाया जाता था। संविधान सभा ने भारत के संविधान को 2 वर्ष 11 माह 18 दिन में 26 नवम्बर 1949 को पूरा कर राष्ट्र को समर्पित किया।गणतंत्र भारत में 26 जनवरी 1950 से संविधान अमल में लाया गया।भारतीयों द्वारा कई दशकों पूर्व से ‘संविधान दिवस’ मनाया जाता है। 26 नवंबर का दिन संविधान के महत्व का प्रसार करने और डॉ॰ भीमराव आंबेडकर के विचारों और अवधारणाओं का प्रसार करने के लिए चुना गया था। इस दिन संविधान निर्माण समिति के वरिष्ठ सदस्य डॉ सर हरीसिंह गौर का जन्मदिवस भी है। विद्यालय के प्रबंधक श्री जगदीश प्रसाद ढोंडियाल जी ने कहा कि भारतीय संविधान की जानकारी प्रत्येक नागरिक को होनी चाहिए जिससे सभी अपने देश भारत की प्रगति में योगदान दे सके। विद्यालय के अध्यक्ष श्री अशोक गुप्ता जी ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को संविधान में लिखित अपने मौलिक कर्तव्य की जानकारी होनी चाहिए और उनका पालन करना चाहिए। विद्यालय के प्रधानाचार्य जी ने संविधान दिवस के इस अवसर पर देश की अखंडता की शपथ दिलाई।आज के इस कार्यक्रम में समस्त आचार्य बंधु, आचार्या बहने एवं विद्यालय के समस्त भैया बहन उपस्थित रहे।