दिनांक 29 अगस्त 2023 को केशव माधव सरस्वती विद्या मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ककोड़ में हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जन्म दिवस का कार्यक्रम राष्ट्रीय खेल दिवस के रूप में मनाया गया। कार्यक्रम के अध्यक्ष विद्यालय के पीटीआई श्री धर्मेन्द्र सिंह जी एवं मुख्य वक्ता आचार्य श्री उमेश पांडे जी रहे। कार्यक्रम का संचालन स्काउट मास्टर श्री विवेक शर्मा जी ने किया।कार्यक्रम में विद्यालय के छात्र एवं छात्राओं ने मेजर ध्यानचंद के जीवन पर प्रकाश डाला।मुख्य वक्ता आचार्य श्री उमेश पांडे जी ने बताया कि भारत में राष्ट्रीय खेल दिवस 29 अगस्त को हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की जयंती पर मनाया जाता है। यह दिन 1928, 1932 और 1936 में भारत के लिए ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाले हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद सिंह के जन्मदिन का प्रतीक है। उन्होंने अपने करियर में 400 से अधिक गोल किये।
अंतरराष्ट्रीय हॉकी क्षेत्र पर उन्होंने अपनी मुहर लगाई। वह भारतीय और विश्व हॉकी में एक महान हस्ती हैं। उनके लिए सबसे प्रसिद्ध स्मारक मेजर ध्यानचंद पुरस्कार है जो भारत में खेलों में जीवन भर की उपलब्धि के लिए सर्वोच्च पुरस्कार है। उनके जन्मदिन पर राष्ट्रीय खेल दिवस समारोह होता है। इस दिन राष्ट्रपति मेजर ध्यान चंद खेल रत्न, अर्जुन और द्रोणाचार्य पुरस्कार नामित लोगों को प्रदान करते हैं। आज की इस राष्ट्रीय खेल दिवस में बच्चों को विभिन्न खेल कबड्डी, खो-खो, पोषम्पा, कैरम, लूडो, रस्सा खींच, हॉकी, शतरंज, दौड़ आदि खेल खिलाए।तथा फिट इंडिया कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय के कोच सागर डागुर ने सभी को प्रतिदिन खेल खेलने एवं योग करने की शपथ दिलाई।आज के इस कार्यक्रम में विद्यालय के अध्यक्ष श्री अशोक गुप्ता जी, प्रबंधक श्री जगदीश प्रसाद ढौडियाल जी एवं प्रधानाचार्य श्री मनोज कुमार मिश्र जी ने कहा कि हमें स्वस्थ रहने के लिए नियमित खेल एवम व्यायाम करना चाहिए।साथ ही हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद के जीवन की देशभक्ति से ओतप्रोत घटना का जिक्र करते हुए कहा कि सभी को देशहित में कार्य करने चाहिए।